Monday, April 20, 2015

 सिर्फ तुमसे ही रहेगा-----

"तुम आये मेरी जिंदगी में
बिना पूछे
पर जाने के लिए भी
वही तरीका
सही नहीं था प्रिय

तुम्हें सोचना चाहिए था
बीज बोन से पहले
पहले ही डरना चाहिए था
और रखना चाहिए था
बीज को मिट्टी से दूर

पर तुमने तो ना केवल
मेरे दिल की मिट्टी में
बोए मोहब्बत के बीज
बल्कि कर डाली सिंचाई भी
और कितनी शिद्दत से की
तुमने देखभाल उसकी

कभी सूखने नहीं दिया
हरी पत्तियों को तुमने
डालते रहे रोज दर रोज
एहसासों का पानी जड़ में
और बिखेरते रहे
जलती धूप में भी
तुम भावनाओं की ठंढी हवा
अपने दुपट्टे से

क्या तुमने देखा नहीं गौर से प्रिय
क्या जाने से पहले
तुम्हें एक बार भी
ये विशाल हो चूका पेड़
दिखा नहीं

प्रिय क्या तुम्हें इसने रोका नहीं
बुलाया नहीं चिल्ला चिल्ला कर
या तुमने इसकी सुनी ही नहीं
दुनिया को सुनने की हड़बड़ी में

प्रिय जमाना कुछ भी कहे
पर मैं नहीं मान सकता
कि तुम्हारे कानों में
इसकी आवाज़ पहुंची ही नहीं
जिसने ताउम्र
तुम्हारे दिल के गुलज़ार में
अपने अस्तित्व को गाढ़ा हो
उसकी हल्की सी भी चींख
तुम्हारे दिल तक पहुंचने से
भला तुम भी कैसे रोक सकती हो
नहीं मैं नहीं मान सकता

प्रिय कहाँ हो तुम
देखो न ये पेड़
कितना उदास हो गया है
ये पत्तियां तो जैसे निर्जीव हुए जा रही हैं
हिल तक नहीं रहीं
प्रिय देखो न क्या हो गया है इसे
इसकी हालत तो देखो
ये पेड़ जो कल तक
तुम्हारे होने पर
गीत गया करता था
झूमता था नृत्य किया करता था
आज तुम्हारे न होने पर
कितना बेजान खड़ा है
मुझे डर है कि कहीं ये सुख न जाये
कहीं ये भूल न जाये अपने आप को
तुम्हारे वियोग में

प्रिय क्या तुम खुश होगे
इसके सुख जाने पर
जिसे तुमने अपने लहू से सींचा हो
जिसपर किया हो कुर्बान तुमने
अपनी सारी मोहब्बत
और वो
जिसने तुम्हारे सिवा
किसी का सपना नहीं देखा
जो बड़ा हुआ है
तुम्हारी मोहब्बत की हथेलियों में
आज भी तुम्हारे बिना
उसका कोई जड़ नहीं प्रिय
तुम्हीं उसके जमीन थे
तुम्हीं उसका आसमान थे

प्रिय तुम बिन तो ये मर ही जायेगा
इससे पहले कि
एक एक कर के
इसकी सारी पत्तियां
इससे जुदा हो जाएं
और धीरे धीरे ये हो जाए
बिलकुल अकेला
तोड़ने लगे दम
तुम्हारा नाम ले ले कर
प्रिय लौट आओ
प्रिय लौट आओ बचा लो इसे
लौटा दो इसे इसकी जिंदगी
इसका वो खूबसूरत हरापन
जो बस तुमसे था
तुमसे है
और प्रिय अनंत काल तक
जो सिर्फ तुमसे ही रहेगा
सिर्फ तुमसे ही रहेगा!!!"

-शशिष कुमार तिवारी
(20th April 2015, 2.55pm, New Delhi)


No comments: